Noida Hindu Sammelan: नोएडा के सेक्टर-82, पॉकेट-12 में रविवार 8 फरवरी 2026 को एक भव्य हिंदू सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम “हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति” के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें पॉकेट-7 और पॉकेट-12 के निवासियों सहित सर्व समाज के सैकड़ों लोग उत्साहपूर्वक शामिल हुए। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित करना, सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और एकता को मजबूत करना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अनंत श्री विभूषित महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 स्वामी पंचमानंद जी महाराज उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में भारतीय धरोहर के कार्याध्यक्ष श्री प्रवीण शर्मा एवं प्रसिद्ध सिंगर लावली चौहान शामिल रहीं। सभी अतिथियों का स्वागत आयोजन समिति द्वारा पूरे सम्मान और गरिमा के साथ किया गया।

सम्मेलन का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद स्वामी पंचमानंद जी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में हिंदू समाज को संगठित रहने की सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने सनातन धर्म की महानता, हिंदू संस्कृति के मूल्यों और नई पीढ़ी को धर्म से जोड़ने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि जब तक समाज एकजुट नहीं होगा, तब तक हमारी संस्कृति और परंपराएं सुरक्षित नहीं रह सकतीं।

सम्मेलन में मुख्य रूप से तीन विषयों पर विशेष चर्चा की गई—सनातन धर्म से जुड़ाव, हिंदू एकता और गौ रक्षा। वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए कहा कि हिंदू समाज को आपसी मतभेद भुलाकर एक मंच पर आना होगा। गौ रक्षा को भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग बताते हुए इसके संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। सिंगर लावली चौहान द्वारा प्रस्तुत भक्ति गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और हिंदू एकता के संदेश को मजबूती से अपनाने का संकल्प लिया।
सम्मेलन के समापन के बाद सभी भक्तों के लिए प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की गई थी। आयोजन समिति द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सभी उपस्थित लोगों ने सराहना की। पॉकेट-12 के सभी कार्यकर्ताओं द्वारा पूरे समर्पण भाव से किया गया यह आयोजन पूर्ण रूप से सफल रहा।

इस भव्य आयोजन की सफलता में मुख्य रूप से आयोजन समिति के प्रमुख कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। प्रमुख रूप से महेंद्र शर्मा , मुकेश शुक्ला , सी.के. शर्मा , पी.के. सिंह, विजय सचान, संजय पांडेय, गोरेलाल, अरविंद परिहार, प्रमोद दीक्षित, मनीष मिश्रा, कृष्णा दुबे तथा भाजपा महिला नेत्री संतोष सिंह सहित पॉकेट-7 एवं पॉकेट-12 के सभी निवासियों और कार्यकर्ताओं ने कंधे से कंधा मिलाकर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन समिति ने सभी सहयोगियों को उनकी मेहनत और समर्पण के लिए बधाई दी और आभार व्यक्त किया। स्थानीय निवासियों का कहना था कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को अपनी संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं। उपस्थित लोगों ने भविष्य में भी ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया। यह हिंदू सम्मेलन सामाजिक समरसता, सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार और हिंदू एकता का सशक्त संदेश देने में पूरी तरह सफल रहा। आयोजकों ने विश्वास जताया कि आगे भी इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से समाज को संगठित और सशक्त बनाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।
