Feel The Change Foundation:नोएडा, 1 मई 2025, मजदूर दिवस के दिन जहां देशभर में श्रमिकों के अधिकारों की चर्चा हो रही थी, वहीं नोएडा के सेक्टर-110 में स्थित श्रमिक कुंज में कुछ अलग ही नजारा था। भीषण गर्मी के बावजूद सुबह से ही दर्जनों मज़दूर अपनी बारी का इंतज़ार करते नजर आए। मौका था ई-श्रम कार्ड पंजीकरण कैंप का — जिसे फील द चेंज फाउंडेशन और उत्तर प्रदेश श्रम विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया।

डॉ. विकास राज तिवारी – जिनका सपना है बदलाव की ठोस ज़मीन तैयार करना
कार्यक्रम की कमान संभाले थे ‘फील द चेंज फाउंडेशन’ के अध्यक्ष डॉ. विकास राज तिवारी, जो बीते 10 वर्षों से समाज के सबसे ज़रूरतमंद तबकों के लिए चुपचाप लेकिन प्रभावशाली कार्य कर रहे हैं।
उनकी बातें सीधी दिल में उतर जाती हैं –
“हम नारे नहीं लगाते, हम ज़मीनी बदलाव लाने में यकीन रखते हैं। हमारा हर कैंप, हर रजिस्ट्रेशन, किसी एक श्रमिक के भविष्य को सुरक्षित करता है।”
उनके नेतृत्व में संस्था ने अब तक दर्जनों कैंप आयोजित किए हैं, जिनका सीधा लाभ श्रमिकों को मिला है – न सिर्फ सरकारी योजनाओं की जानकारी मिली, बल्कि योजनाओं से जुड़ने का रास्ता भी आसान हुआ।

93 श्रमिकों का हुआ नि:शुल्क पंजीकरण, प्रधानमंत्री योजनाओं से होगा जुड़ाव
कैंप में 93 असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों ने ई-श्रम पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाया। यह पंजीकरण बिल्कुल नि:शुल्क था, ताकि कोई आर्थिक बाधा किसी के अधिकार के बीच न आ सके।
ई-श्रम कार्ड के माध्यम से अब ये श्रमिक केंद्र सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे।
श्रम विभाग के अफसर भी हुए शामिल, सरकारी साझेदारी को बताया महत्वपूर्ण
कैंप में लेबर इंस्पेक्टर श्री राजकुमार और गौतमबुद्ध नगर के जिला श्रम आयुक्त कार्यालय की टीम मौजूद रही।
श्री राजकुमार ने कहा,
“ऐसी संस्थाएं शासन और जनता के बीच की कड़ी बनती हैं। फील द चेंज फाउंडेशन के साथ हम आगे भी जनहित में कार्य करते रहेंगे।”
सरकारी प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने कैंप में भाग लेने वालों के आत्मविश्वास को और बढ़ाया।







